बलौदाबाजार, 15 मार्च 2026। बलौदाबाजार वनमण्डल कार्यालय में शनिवार को “युवान वॉलेंटियर्स ओरिएंटेशन कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को प्रकृति, वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने प्रकृति, वन, वन्यजीव और समुदाय के बीच पारस्परिक संबंधों के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि “युवान” पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रकृति से जोड़ना और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को प्रशिक्षण, फील्ड एक्सपोजर और संरक्षण गतिविधियों में सहभागी बनाकर उन्हें भविष्य के ग्रीन लीडर के रूप में तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अजय मिश्रा (सहायक प्राध्यापक, शासकीय लवन कॉलेज), बर्डर हेमंत वर्मा तथा अजीम जी फाउंडेशन के एस.के. अब्दुल उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. अजय मिश्रा ने वेटलैंड संरक्षण (Wetland Conservation) के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।
इसके साथ ही सौरव राजवाड़े ने युवान वॉलेंटियर्स प्रोग्राम की अवधारणा एवं उद्देश्यों पर प्रस्तुति दी, जबकि सौरव मेहरा ने मानव-हाथी सहअस्तित्व विषय पर ज्ञानवर्धक प्रस्तुति देकर युवाओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम में बलौदाबाजार वनमण्डल अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों और क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बारनवापारा अभ्यारण्य के अधीक्षक कृषानू चन्द्राकार, परिक्षेत्र अधिकारी प्रखर नायक, गुलशन साहू सहित वन विभाग के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।