VIP ट्रेड का झांसा, 8 लाख से ज्यादा की ठगी** **सिटी कोतवाली पुलिस ने राजस्थान से चार आरोपियों को लिया हिरासत में

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

February 14, 2026

बलौदाबाजार, 14 फरवरी। ज्यादा रिटर्न दिलाने का लालच देकर निवेश के नाम पर ठगी करने वाले चार आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने “VIP ट्रेड” नामक कंपनी बनाकर 10 से 12 प्रतिशत प्रतिमाह गारंटीड रिटर्न का झांसा दिया और प्रार्थी से कुल 8 लाख 6 हजार 640 रुपए जमा करवा लिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्याम कॉलोनी निवासी रामचंद्र वस्त्रकर ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जुलाई 2025 से 19 अक्टूबर 2025 के बीच आरोपियों ने उन्हें निवेश पर प्रतिमाह 10-12 प्रतिशत लाभ तथा प्रतिदिन रकम में वृद्धि होने का प्रलोभन दिया। विश्वास में लेकर आरोपियों ने बड़ी रकम जमा करवाई। जब प्रार्थी ने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने मोबाइल बंद कर संपर्क खत्म कर दिया।

मामले में अपराध क्रमांक 307/2025 धारा 318(4), 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली व साइबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की तलाश की। जांच में सामने आया कि ठगी का नेटवर्क राजस्थान से संचालित किया जा रहा था।

न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी कर पुलिस टीम ने केंद्रीय कारागार अजमेर (राजस्थान) से चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने “VIP ट्रेड” कंपनी के नाम पर लोगों को ज्यादा रिटर्न का लालच देकर ठगी करना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल समद (60) निवासी किशनगढ़, लोकेश चौधरी (26) निवासी किशनगढ़, कैलाश चौधरी (26) निवासी जयपुर ग्रामीण तथा धीरज गट्टानी (25) निवासी कुचामन सिटी, राजस्थान शामिल हैं। सभी आरोपियों को 13 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी VIP ट्रेड कंपनी द्वारा ठगी की गई हो तो वे तत्काल थाना सिटी कोतवाली या साइबर सेल में संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। मामले की विवेचना जारी है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment