बलौदाबाजार ।12 जनवरी 2026 खेल एवं युवा कल्याण विभाग, बलौदाबाजार–भाटापारा द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के लगभग 110 युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए काव्य पाठ, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
आयोजन के दौरान स्वामी विवेकानंद जी के अमर संदेशों पर आधारित भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें युवाओं ने उन्हें प्रेरणास्त्रोत और राष्ट्रनिर्माण के पथप्रदर्शक के रूप में प्रस्तुत किया। साथ ही ‘युवा शक्ति’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता एवं काव्य पाठ ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
खेल अधिकारी श्रीमती प्रीति बंछोर बिजौरा ने प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि भाषण प्रतियोगिता में साक्षी अग्रवाल ने प्रथम, श्रद्धा त्रिपाठी ने द्वितीय तथा दीपांशु तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। काव्य पाठ प्रतियोगिता में सोनल वर्मा प्रथम, नसरीन निशा द्वितीय एवं प्रफुल्ल तृतीय स्थान पर रहे। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में पल्लवी ने प्रथम, सिमरन ने द्वितीय तथा तेजल वर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा युवाओं से स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।