एकता वृक्षारोपण अभियान: 80 पुलिसकर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

SARJU SAHU

July 15, 2026

बसना/महासमुन्द। 15 जुलाई 2026 सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन महासमुंद और थाना परिसर खल्लारी में ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’ चलाया गया। इस अभियान में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर 100 से अधिक पौधे लगाए।

रक्षित केंद्र महासमुंद में आयोजित कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महासमुंद श्री चुन्नू तिग्गा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बागबाहरा श्री अजय शंकर त्रिपाठी, रक्षित निरीक्षक श्रीमती दीप्ति कश्यप तथा जिला बल और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) के करीब 80 जवानों ने भाग लिया। सभी ने पुलिस लाइन में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जनसहभागिता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान फलदार पौधों में आम, जाम, सीताफल, रामफल और जामुन तथा छायादार पौधों में नीम, करंज और कदम के पौधे रोपे गए।

इस अवसर पर श्री चुन्नू तिग्गा ने कहा, भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं। उनकी 150वीं जयंती पर लगाए गए ये एकता वृक्ष आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।

उन्होंने आगे कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वच्छ हवा, जल संरक्षण, जैव विविधता और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान होगा।

सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रत्येक पौधे की देखभाल का संकल्प लेते हुए उन्हें नियमित रूप से सुरक्षित एवं विकसित करने का वचन दिया।

इसी क्रम में थाना परिसर खल्लारी में भी चुन्नू तिग्गा, थाना प्रभारी सचिन गुमाश्ता और थाना स्टाफ द्वारा फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment