आईपीएल फाइनल पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
रायगढ़, 1 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जुआ एवं सट्टा कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना एवं चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने आईपीएल फाइनल मुकाबले पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन एवं एक नोट गिनने की मशीन जब्त की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर गगन अग्रवाल एवं शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन की बात स्वीकार की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्थानीय लोगों से नगद राशि लेकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। आरोपियों ने पूछताछ में रिकेश राय, अर्जुन राठौर एवं साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट संचालित करने की जानकारी दी। आरोपियों के अनुसार साहिल अग्रवाल सट्टे की रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ अर्जित करता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड एवं एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन जब्त किया, जिनमें ऑनलाइन सट्टे से संबंधित तकनीकी साक्ष्य एवं आईडी प्राप्त हुए हैं।
मामले में आरोपी गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर एवं साहिल अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों साहिल अग्रवाल, रिकेश राय एवं अर्जुन राठौर की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
गगन अग्रवाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी गंज बाजार, खरसिया
शुभम अग्रवाल उर्फ कालू, उम्र 30 वर्ष, निवासी गंज बाजार, खरसिया
जब्त सामग्री
₹31,99,700 नगद
2 मोबाइल फोन
1 नोट गिनने की मशीन