जिला बलौदाबाजार–भाटापारा में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में यातायात शाखा भाटापारा द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में नववर्ष के अवसर पर यातायात शाखा भाटापारा ने ब्रेथ एनालाइजर की सहायता से वाहन चालकों की जांच की, जिसमें 03 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस द्वारा तीनों मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को विधिवत जप्त किया गया और चालकों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
माननीय न्यायालय द्वारा मामलों की सुनवाई के उपरांत 02 प्रकरणों में ₹10,000-₹10,000 तथा 01 प्रकरण में ₹15,000 का अर्थदंड लगाया गया। इस प्रकार शराब पीकर वाहन चलाने वाले 03 वाहन चालकों पर कुल ₹35,000 का अर्थदंड लगाया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब सेवन के बाद वाहन चलाने से बचें, ताकि स्वयं की और दूसरों की जान सुरक्षित रह सके।