
रिपोर्टर टेकराम कोसले
कुम्हारी।
ग्राम कुम्हारी में आज बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम साहब की जयंती बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सतनामी समाज सहित बहुजन समाज के अनेक सम्मानित साथी उपस्थित रहे और कांशीराम साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने मान्यवर कांशीराम साहब के संघर्षमय जीवन और उनके द्वारा बहुजन समाज को संगठित करने में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि कांशीराम साहब ने समाज को शिक्षा, संगठन और संघर्ष का संदेश दिया, जो आज भी समाज को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर ग्राम के पंच प्रतिनिधि विजय नवरत्न, फलेश नवरत्न, तिरिथ तिलक, लीलाराम, उमेंद्र, रामखिलावन सहित समाज के कई सम्मानित लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त टीआई शंकर लाल नवरत्न की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
साथ ही बहुजन सशक्तिकरण संघ छत्तीसगढ़ के जिलाध्यक्ष बलौदाबाजार टेकराम कोसले भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज को संगठित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में समस्त सतनामी समाज के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने बहुजन समाज की एकता, जागरूकता और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन समाज की एकजुटता और बहुजन आंदोलन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ किया गया।