बलौदाबाजार, 23 दिसम्बर 2025/
कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने शासकीय खरीदी प्रक्रिया में जेम (GeM) पोर्टल के उपयोग को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित अधिकारियों को ऊर्जा संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि राज्य शासन की मंशानुरूप सभी शासकीय खरीदी भण्डार क्रय नियमों के तहत ही की जाए। जेम पोर्टल के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया को अत्यंत सावधानीपूर्वक एवं नियमों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
धान खरीदी और राजस्व प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा करते हुए अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर सख्त कार्रवाई करने तथा धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि साप्ताहिक निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर और भौतिक उपलब्धता का मिलान कर स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इसके साथ ही कलेक्टर ने राजस्व के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख (प्रॉपर्टी कार्ड) समय पर तैयार करने के निर्देश दिए।
मिलावट और अवैध गतिविधियों पर सख्ती
कलेक्टर ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध अभियान तेज करने के निर्देश खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि मिष्ठान्न दुकानों एवं बेकरी प्रतिष्ठानों में नियमित जांच अभियान चलाया जाए। इसी तरह अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर भी लगातार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जन शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री सचिवालय, सीपीग्राम्स तथा समय-सीमा से संबंधित आवेदनों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।