बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का समाधान अभियान सफल, 417 गुम मोबाइल रिकवर

SARJU PRASAD SAHU

February 3, 2026

बलौदाबाजार-भाटापारा। 03 फरवरी 2026 जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा चलाए गए “समाधान अभियान” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 417 नग गुम मोबाइल फोन रिकवर किए गए हैं। इन विभिन्न कंपनियों के मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 63 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा जिले के विभिन्न थानों में विगत कुछ समय से दर्ज मोबाइल गुमने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समाधान अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह एवं निरीक्षक प्रणाली वैद्य के नेतृत्व में जिला मुख्यालय सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी स्तर पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा कई दिनों के अथक प्रयास, लगन और मेहनत के बाद 417 नग गुम मोबाइलों को रिकवर करने में सफलता प्राप्त की गई।

इस अभियान के दौरान जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, सूरजपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित अन्य जिलों से मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा दीगर राज्य महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश एवं बिहार से भी गुम मोबाइल रिकवर किए गए हैं।

आज दिनांक 03.02.2026 को प्रातः 12.30 बजे पुलिस कम्युनिटी हॉल बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह एवं एसडीओपी बलौदाबाजार सुश्री अपूर्वा क्षत्रिय की उपस्थिति में सभी रिकवर किए गए मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों के सुपूर्द किए गए।

मोबाइल गुम होने के बाद उसके मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों ने अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और प्रसन्नता जाहिर की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने कहा कि पुलिस का यह समाधान अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं लावारिस मोबाइल मिले या कोई व्यक्ति बिना रसीद के कम कीमत में मोबाइल उपलब्ध करा रहा हो, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें, क्योंकि ऐसा मोबाइल चोरी का हो सकता है या किसी अपराध में प्रयुक्त किया गया हो सकता है। साथ ही उन्होंने सभी से अपने मोबाइल को सुरक्षित रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान साइबर ठगी एवं उससे बचाव के उपायों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से लोगों को अवगत कराया गया। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी वर्ष 2025 में पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर लगभग 96 लाख रुपये मूल्य के कुल 640 नग गुम मोबाइल रिकवर किए जा चुके हैं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment