गर्मी में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने और बारिश से पहले नालियों की सफाई के निर्देश
बलौदाबाजार, 20 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग अंतर्गत जिले के नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में करीब 12 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने अपूर्ण और अप्रारंभ निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए सभी नगरीय निकायों में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए। उन्होंने सभी हैंडपंप, नलकूप और टैंकरों को सक्रिय रखने तथा खराब होने पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
जल संरक्षण और स्वच्छता पर जोर
कलेक्टर ने ‘मोर गांव मोर पानी’ महाभियान के तहत हैंडपंप, नलकूप, प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों और शासकीय भवनों के पास सोखता गड्ढा निर्माण जनभागीदारी से कराने को कहा।
साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर कचरा संग्रहण को सक्रिय रखने, स्वच्छता दीदियों को मोबिलाइज करने और यूजर चार्ज वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बारिश से पहले नालियों की सफाई अनिवार्य
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचने के लिए अभी से नालियों की सफाई शुरू कर अभियान चलाकर इसे समय पर पूरा किया जाए।
निर्माण कार्यों की समयसीमा तय
कलेक्टर ने अधोसंरचना मद अंतर्गत सभी निर्माण कार्यों को 15 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 एवं 2.0 के अंतर्गत लंबित और अप्रारंभ आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
बैठक में अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन सहित सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी और इंजीनियर उपस्थित रहे।