महासमुंद से अवैध धान परिवहन करते पिकअप जब्त, 63 बोरी धान पुलिस के सुपुर्द बलौदाबाजार प्रशासन की सख्त कार्रवाई, अवैध धान भंडारण व परिवहन पर कसी नकेल

TEKRAM KOSLE

January 5, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार, 5 जनवरी 2026।
कलेक्टर दीपक सोनी के स्पष्ट निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा सघन निगरानी एवं सतत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को बारनवापारा क्षेत्र के ग्राम रवान में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद जिले से अवैध रूप से धान परिवहन कर रही पिकअप वाहन को जब्त किया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धान खपाने वालों में हड़कंप मच गया है।
तहसीलदार की सतर्कता से पकड़ा गया अवैध परिवहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीलदार सोनाखान श्री लव कुमार द्वारा ग्राम रवान में संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन चालक से धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह महासमुंद जिले से धान लाकर परिवहन कर रहा था। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 63 बोरी धान भरा पाया गया।
पिकअप सहित धान जब्त, राजादेवरी थाना सुपुर्द
प्रशासन द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 63 बोरी धान एवं पिकअप वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु राजादेवरी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा
जिले में चेक पोस्टों और थोक विक्रेताओं पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अवैध धान परिवहन की मंशा लगातार विफल हो रही है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर का सख्त संदेश
कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि जिले में अवैध धान व्यापार करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी और प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment