पलारी, 08 मार्च 2026। बलौदाबाजार जिले के पलारी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 55 पाव देशी मसाला शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 06 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम गातापार रोड में कुछ लोग मोटरसाइकिल के माध्यम से अवैध शराब बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पलारी पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही मोटरसाइकिल का पीछा किया। इस दौरान ग्राम गातापार खोरसीनाला ब्रेकर के पास एक आरोपी गोविंद मिरी मोटरसाइकिल से गिरने के बाद भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹6050 कीमत की 55 पाव देशी मसाला शराब जब्त की। मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 106/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना पलारी पुलिस ने मामले की एंड-टू-एंड जांच करते हुए शराब सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की भी पहचान की। कार्रवाई के दौरान शराब उपलब्ध कराने, सप्लाई करने और खरीदने वाले कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
गोविंद मिरी (19 वर्ष) – निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना भाटापारा ग्रामीण
अमरसिंह रात्रे (26 वर्ष) – निवासी ग्राम अछोली, थाना पलारी
मानसिंह टंडन उर्फ नानू (21 वर्ष) – निवासी दशरमा रोड भैंसापसरा, बलौदाबाजार
तीनों आरोपियों को 07 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।