छुरा में पेंशनर समाज का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन, सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप,

BHUPENDRA SINHA

March 20, 2026

छुरा/ गरियाबंद:- छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज रायपुर के निर्देशानुसार तहसील शाखा छुरा, जिला गरियाबंद द्वारा 20 मार्च 2026 को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। निर्धारित समय पर शुरू हुए इस कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं पदाधिकारियों के स्वागत-सम्मान के साथ हुआ।

धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताते हुए पेंशनरों के साथ हो रहे कथित भेदभाव को लेकर आवाज बुलंद की। तहसील शाखा के सचिव सी.आर. सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार पेंशनरों के साथ छलावा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धारा 49(6) का हवाला देकर पेंशनरों को नियमित कर्मचारियों के समान महंगाई राहत का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने इस धारा को तत्काल समाप्त करने की मांग उठाई।

उन्होंने आगे कहा कि पेंशनरों को भी नियमित कर्मचारियों की तरह स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत अस्पतालों में कैशलेस उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शनकारियों में खासा आक्रोश देखा गया।

सलाहकार गंगाराम नेताम ने अपने वक्तव्य में कहा कि पेंशनरों के साथ हो रहे भेदभाव को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके लिए संगठन को और अधिक मजबूत करना होगा। वहीं अंकेक्षक के.आर. सिन्हा ने कहा कि सरकार को समय-समय पर सजग करना आवश्यक है, ताकि वह पेंशनरों के हित में ठोस निर्णय ले सके।

अध्यक्षीय उद्बोधन में शंकर सिंह ध्रुव ने संगठन की एकता पर जोर देते हुए कहा कि सदस्यों के बीच आपसी सहयोग और एकजुटता ही संगठन को मजबूत बना सकती है।

कार्यक्रम के समापन पर शाम 4:30 बजे पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) छुरा को मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पेंशनरों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।

धरना प्रदर्शन में एस.आर. निषाद, अरुण सिन्हा, भगवान सिंह ध्रुव, बी.आर. कंवर, बुधराम पांडे, बी.एस. साहू, श्यामलाल पटेल, तुलसीराम साहू, गैंदलाल साहू, हेमलाल साहू, भगवान सिंह कुम्हार, किशुन राम कुम्भकार, हिराऊ राम ध्रुव, टी.आर. साहू, केशव साहू, पार्वती यादव, मीना साहू, नीला देवी, नरबदिया बाई, बिराजो बाई, ललिता बाई सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।

जिला ब्यूरो

Share this content:

Leave a Comment