बलौदाबाजार, 12 दिसम्बर 2025/ जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आज संयुक्त जिला कार्यालय में कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सहकारी क्षेत्र के व्यापक विस्तार पर चर्चा करते हुए जिले की नवगठित सहकारी समितियों को जल्द कार्यशील बनाने, गोदाम निर्माण को गति देने तथा सभी ग्राम पंचायतों में बहुउद्देशीय सहकारी समितियों (Multi-purpose PACS) के गठन पर जोर दिया गया।
गोदाम निर्माण प्रक्रिया में तेजी
अन्न भंडारण योजना के तहत भरसेला पैक्स में 2500 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम प्रस्तावित है। कलेक्टर ने राज्य भंडारण निगम को टेंडर प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही नाबार्ड से ऋण स्वीकृति के लिए त्वरित समन्वय करने को कहा।
75 नई सहकारी समितियाँ गठित—अब कार्यशीलता पर जोर
जिले में वर्ष 2025 में 75 नई सहकारी समितियाँ गठित की जा चुकी हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि:
-
नवगठित 39 नई पैक्स को शासन के निर्देशों के अनुसार समयबद्ध रूप से कार्यशील किया जाए
-
कार्यालय एवं गोदाम निर्माण हेतु भूमि चिन्हांकन व आवंटन जल्द पूरा किया जाए
-
खाद–बीज–कीटनाशक विक्रय के लिए लाइसेंस तथा हार्डवेयर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषकों को खरीफ 2026 से सेवाएँ उपलब्ध हो सकें
ई–पैक्स का संचालन और माइक्रो एटीएम लेनदेन बढ़ाने पर जोर
जिले की सभी 129 समितियाँ अब ई-पैक्स के रूप में घोषित हो चुकी हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि:
-
पिछड़ी समितियाँ तुरंत डेटा एंट्री को रियल-टाइम मोड में लाएं
-
माइक्रो एटीएम से होने वाले ट्रांज़ेक्शन की संख्या बढ़ाई जाए ताकि ग्रामीण बैंकिंग को बढ़ावा मिल सके
जनऔषधि केंद्रों के विस्तार पर बल
सहकारी समितियों द्वारा संचालित जनऔषधि केंद्रों में व्यवसाय बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
दो नई समितियों में जनऔषधि केंद्र खोलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुँच गई है, जिन्हें जल्द प्रारंभ किया जाएगा।
धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा:
-
अवैध खरीदी पर कड़ी निगरानी रखी जाए
-
लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं को ही खरीदी की अनुमति
-
उपार्जन केंद्रों में किसानों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए
बैठक में उपस्थित
सहकारिता विभाग के अधिकारी, खाद्य विभाग, पशुपालन, कृषि, मत्स्य, नाबार्ड, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, एफसीआई, राज्य भंडारण निगम और दुग्ध महासंघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।