राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: बलौदाबाजार में भारी वाहन चालकों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित, 102 चालकों की हुई जांच

TEKRAM KOSLE

January 9, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार, 8 जनवरी 2026।
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत लगातार जनहितकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
इस अभियान के तहत 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक जिलेभर में विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अमृत कुजूर, यातायात प्रभारी निरीक्षक नरेश दीवान (सिमगा) एवं उपनिरीक्षक प्रियेश जान (बलौदाबाजार) के नेतृत्व में प्रतिदिन प्रमुख चौराहों, स्कूल-कॉलेज परिसरों एवं मुख्य मार्गों पर जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
भारी वाहन चालकों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन
इसी क्रम में 08 जनवरी 2026 को सकरी बाईपास, बलौदाबाजार में भारी वाहन चालकों के लिए विशेष नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में नेत्र सहायक अधिकारी श्री बेगेश्वर यदू एवं श्री दीपक चौहान की चिकित्सकीय टीम द्वारा कुल 102 भारी वाहन चालकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया।
डॉक्टरों ने वाहन चालकों को दृष्टि संबंधी समस्याओं से होने वाले संभावित दुर्घटना जोखिमों के बारे में जानकारी दी और समय-समय पर आंखों की जांच कराने की सलाह दी।
यातायात पुलिस की अपील
जिला यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षित एवं सुगम परिवहन के लिए आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। सभी के सामूहिक प्रयास से ही सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी लाई जा सकती है।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: लक्ष्य – सुरक्षित सड़कों का निर्माण
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन की सुरक्षा और दुर्घटना मुक्त समाज की स्थापना है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का यह अभियान जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक एवं प्रभावशाली पहल सिद्ध हो रहा है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment