थाना पलारी में स्कूल सुरक्षा को लेकर बैठक, नशाखोरी और नाबालिग अपराध पर सख्त निर्देश

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 13, 2026

पलारी, 13 मार्च 2026।
क्षेत्र में बढ़ती अनुशासनहीनता, नशाखोरी और नाबालिगों द्वारा किए जा रहे अपराधों को देखते हुए थाना पलारी में शुक्रवार को क्षेत्र के स्कूल प्राचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा, अनुशासन और गतिविधियों पर निगरानी को लेकर गंभीर चर्चा की गई।

बैठक पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी की उपस्थिति में आयोजित की गई, जिसमें एसडीएम पलारी, तहसीलदार पलारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) पलारी सहित क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के 37 प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूल केवल पढ़ाई का स्थान नहीं बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र है। इसलिए शिक्षकों को छात्रों के व्यवहार, गतिविधियों और उनकी संगति पर विशेष निगरानी रखनी होगी। छात्रों को नशाखोरी, चाकूबाजी और गलत गतिविधियों से दूर रखने के लिए स्कूल स्तर पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि शाला प्रवेश उत्सव, विदाई समारोह या अन्य कार्यक्रमों के नाम पर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या स्टंटबाजी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्व में छात्रों द्वारा दोपहिया और चारपहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट करने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन को सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि कोई भी नाबालिग छात्र दोपहिया वाहन चलाकर स्कूल नहीं आएगा। शिक्षक छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देंगे और नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगे।

इसके साथ ही स्कूलों में समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाने, छात्रों को नशे से दूर रखने तथा सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे अनिवार्य करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने शिक्षकों से अपील की कि वे छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य, करियर और रोजगार के अवसरों के बारे में भी मार्गदर्शन दें।

बैठक के अंत में प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि स्कूल परिसर में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नशाखोरी या आपराधिक गतिविधि सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment