यूट्यूब से सीखी एटीएम काटने की तकनीक, कबीरधाम पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा; नाकाम हुई कर्ज उतारने की ‘खतरनाक’ साजिश

BIRENDRA KUMAR SEN

March 25, 2026

यूट्यूब से सीखी एटीएम काटने की तकनीक, कबीरधाम पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा; नाकाम हुई कर्ज उतारने की ‘खतरनाक’ साजिश

कवर्धा/लोहारा: कबीरधाम पुलिस की मुस्तैदी ने एक बड़ी बैंक डकैती की साजिश को विफल कर दिया है। कर्ज के बोझ तले दबे एक युवक ने रातों-रात अमीर बनने और उधारी चुकाने के लिए यूट्यूब पर एटीएम काटने का तरीका सीखा, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। थाना लोहारा पुलिस ने आरोपी को गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

​पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के सख्त निर्देश थे कि जिले के सभी एटीएम की हर घंटे निगरानी की जाए। इसी क्रम में 24 मार्च 2026 की रात जब लोहारा पुलिस की टीम गश्त पर थी, तब उन्हें एटीएम के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। घेराबंदी कर जब उसे पकड़ा गया, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। आरोपी के पास से एटीएम काटने का पूरा तामझाम बरामद हुआ।

​पकड़े गए आरोपी नंदलाल साहू (30 वर्ष) ने पूछताछ में कबूला कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। कर्ज से मुक्ति पाने के लिए उसने शॉर्टकट रास्ता चुना और यूट्यूब पर एटीएम मशीन को गैस कटर से काटने के वीडियो देखकर ट्रेनिंग ली। उसने पहले भी कई इलाकों (बिडोरा चौक, शांतिनगर, छुईखदान) में चोरी का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस की पेट्रोलिंग के कारण वह हर बार असफल रहा।

​पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल होने वाले निम्नलिखित सामान जप्त किए हैं:

  • गैस कटर मशीन एवं गैस सिलेंडर
  • ऑक्सीजन सिलेंडर एवं लोहे का सब्बल
  • मोटरसाइकिल (CG07AP0793)
  • नकाब (काला रेनकोट, गमछा, लाल कंबल)

​पुलिस ने आरोपी से घटनास्थल पर ले जाकर ‘सीन रीक्रिएट’ भी कराया, जिससे चोरी करने के उसके पूरे तरीके का खुलासा हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment