जैजैपुर के ग्राम जर्वे में जमीन विवाद ने ली शिक्षक की जान

TEKRAM KOSLE

March 19, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जर्वे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद के चलते एक दिव्यांग शिक्षक की निर्मम हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक देवानंद भारद्वाज (उम्र लगभग 35 वर्ष), जो शारीरिक रूप से दिव्यांग थे, का गांव के ही आरोपी टिमरलाल मनहर के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना दिनांक 18 मार्च 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि आरोपी ने दिव्यांग शिक्षक पर धारदार टंगिया (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उस समय मृतक ट्राइसाइकिल पर था और बचाव करने की स्थिति में नहीं था। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने घर के पीछे स्थित उसी विवादित खेत में ले जाकर जलाने का प्रयास किया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। हालांकि, गांव के कुछ लोगों ने घटना देख ली, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इधर, जैजैपुर थाना को सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। खेत में आधा जला हुआ शव बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 86/26 दर्ज करते हुए BNS की धारा 103 और 238 के तहत केस कायम कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 यह घटना न केवल एक जघन्य हत्या है, बल्कि समाज में बढ़ते जमीन विवादों की गंभीरता को भी उजागर करती है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment