बलौदाबाजार, 20 फरवरी 2026। राज्य शासन द्वारा संचालित श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित जिला ऑडिटोरियम में गुरुवार को श्रमिक जन संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1242 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत एक करोड़ चार लाख तेइस हजार रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में अंतरित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य शासन द्वारा श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए 31 से अधिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की जानकारी सभी श्रमिकों तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि वे अधिक से अधिक लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि श्रमिक जन संवाद सम्मेलन का उद्देश्य ही श्रमिकों को जागरूक करना और योजनाओं से जोड़ना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू चार नए लेबर कोड श्रमिकों के आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने मजदूरी संहिता 2019, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020, व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य स्थितियां संहिता 2020 तथा औद्योगिक संबंध संहिता 2020 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन लागू होने के बाद कोई भी राज्य उससे कम वेतन निर्धारित नहीं कर सकेगा। साथ ही सामाजिक सुरक्षा, भविष्य निधि, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री अशोक जैन ने कहा कि विकास और निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके कल्याण के लिए शासन निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद भी किया गया। कंचन वर्मा ने नोनी सुरक्षा योजना से मिली सहायता को अपनी शिक्षा के लिए उपयोगी बताया। सियान सहायता योजना के हितग्राही भगवान दत्त ने 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 20 हजार रुपये की सहायता मिलने पर शासन के प्रति आभार जताया। दीप्ति विश्वकर्मा ने नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से लाभ मिलने की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मिनीमाता महतारी जतन योजना अंतर्गत 113 महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की राशि, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 918 बच्चों को 19.43 लाख रुपये, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 97 श्रमिकों को 19.40 लाख रुपये, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत 89 बालिकाओं को 17.80 लाख रुपये, निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 14 लाख रुपये तथा असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 11 लाख रुपये प्रदान किए गए।
जिले में एक लाख से अधिक श्रमिक पंजीकृत हैं और अब तक विभिन्न योजनाओं के तहत 90 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचना यादव, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रमिकगण उपस्थित रहे।