
कसडोल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल में जीवन दीप समिति की साधारण सभा की बैठक विधायक संदीप साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की व्यवस्था सुधारने, रखरखाव तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें और मरीजों के प्रति संवेदनशील रहते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करें।
बैठक में सबसे पहले विगत बैठक की कार्यवाही की समीक्षा की गई। इसके बाद अस्पताल में वर्तमान में चल रहे सुधार कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविशंकर अजगल्ले ने एजेंडावार प्रस्ताव रखते हुए अस्पताल भवन की मरम्मत और रंगरोगन, लैब के लिए रीएजेंट सामग्री और आवश्यक दवाइयों की खरीदी, एनआरसी रूम का सुधार एवं बच्चों के लिए प्ले एरिया बनाने का प्रस्ताव रखा।
इसके अलावा अस्पताल वार्ड के बाथरूम, खिड़की और दरवाजों की मरम्मत, वाटर कूलर की व्यवस्था, फार्मासिस्ट, स्वीपर और चौकीदार की नियुक्ति, कर्मचारियों के वेतन वृद्धि, लैब एवं एनआरसी के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदी, पार्किंग और लैब शेड निर्माण तथा समिति के माध्यम से अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
विधायक संदीप साहू ने विकासखंड चिकित्सा अधिकारी को सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को समय पर मरीजों का उपचार करने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और मरीजों से शिष्ट व्यवहार रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जनपद पंचायत कसडोल के अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।