भवानीपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विशेष पहल पर प्रदेश के शासकीय स्कूलों में शुरू किए गए न्योता भोज कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत खपरी (भ) के प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केंद्र में न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत के पूर्व उपसरपंच मुकेश झा द्वारा किया गया।
न्योता भोज के दौरान बच्चों को विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, फल एवं स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए, जिन्हें पाकर बच्चे बेहद प्रसन्न और उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को नियमित मध्याह्न भोजन के साथ-साथ स्वादिष्ट एवं विशेष भोजन उपलब्ध कराना है, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति रुचि बढ़े और उपस्थिति में सुधार हो।
पूर्व उपसरपंच मुकेश झा ने बताया कि न्योता भोज एक ऐसी पहल है, जिसमें समाज के लोग अपने जन्मदिन या अन्य विशेष अवसरों को स्कूल के बच्चों के साथ मनाकर उन्हें खुशी देने का अवसर प्राप्त करते हैं। इससे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आती है और आयोजन करने वालों को भी आत्मिक संतोष मिलता है।
कार्यक्रम में संस्था प्रमुख सुखलाल जायसवाल, विनोद चेलक, प्रधान पाठक कसडोल, संकुल समन्वयक विष्णु फेकर, शिक्षक तोरण लाल मंडावी, भोजराम कनौजे, प्रकाश भतपहरी, पूर्व उपसरपंच तुलाराम ढीढी, अकतराम ढीढी, अनिल बच्चन, संदीप जांगड़े, छोटू साहू, ठेकेदार डहरिया सहित शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
न्योता भोज कार्यक्रम से विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ रही है और बच्चों के सर्वांगीण विकास में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।