रोहासी नगर पंचायत के विकास कार्यों को लेकर नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा से हुई अहम चर्चा

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 10, 2026

बलौदा बाजार जिले के रोहासी नगर पंचायत के विकास कार्यों, पेयजल व्यवस्था और स्वच्छता संबंधी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा
से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान नगर में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति तथा लंबे समय से लंबित पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष नंदेश्वर साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा को अवगत कराया कि वर्ष 2021 से “प्रिया जल योजना” के तहत कार्य प्रारंभ किया गया था, लेकिन आज तक नगर पंचायत रोहासी के नागरिकों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। पेयजल व्यवस्था शुरू नहीं होने के कारण नगरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अध्यक्ष नंदेश्वर साहू ने नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी। इस दौरान उपाध्यक्ष पितांबर साहू, पार्षद राकेश साहू, पार्षद रामनिवास, सभापति प्रमिला कनौजे सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जनप्रतिनिधियों की बात गंभीरता से सुनते हुए “प्रिया जल योजना” के कार्यों की जांच करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि योजना में हुई देरी के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि नगर पंचायत रोहासी के नागरिकों को जल्द से जल्द पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके।
जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के हस्तक्षेप से नगर पंचायत रोहासी में रुके हुए विकास कार्यों में तेजी आएगी और नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं शीघ्र मिलेंगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment