
पलारी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पलारी खंड के कुर्मी भवन, बाल समुंद रोड, पलारी में भव्य युवा संगम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों, शिक्षकों, प्राध्यापकों, चिकित्सकों एवं व्यवसाय वर्ग की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री चंद्रकांत जलहरे, प्राचार्य, नवीन महाविद्यालय वटगन रहे। विशेष अतिथि के रूप में श्री गणेश देवांगन, जिला संघचालक तथा श्री मंतराम वर्मा, खंड संघचालक उपस्थित रहे।
युवाओं को दिशा देने हेतु मुख्य वक्ता के रूप में श्री संजय जी, प्रांत प्रचार प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ प्रांत ने मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने अपने जीवन में त्याग, तपस्या और संघर्ष को अपनाया है, उन्होंने भारत ही नहीं बल्कि विश्व पटल पर इतिहास रचा है। समाज को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जिनमें सुदृढ़ चरित्र, प्रभावी नेतृत्व, सशक्त व्यक्तित्व एवं समयानुकूल निर्णय लेने की क्षमता हो।
कार्यक्रम में श्री विवेकानंद निर्मलकर, जिला प्रचारक, बलौदाबाजार; श्री ओमप्रकाश वर्मा, खंड कार्यवाह; श्री राधेश्याम वर्मा, सह खंड कार्यवाह; श्री लोकेश यदु, कार्यक्रम संयोजक तथा श्री उमाशंकर कश्यप, सह विभाग व्यवस्था प्रमुख की विशेष उपस्थिति रही।
युवा संगम के माध्यम से युवाओं में राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता एवं संगठनात्मक चेतना का संदेश दिया गया।