गरियाबंद। समीपस्थ ग्राम कसेरु में ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति की दिव्य अनुभूति से सराबोर रहा। इस पावन आयोजन में प्रवचनकर्ता पंडित लक्ष्मणेश्वर प्रसाद तिवारी के मुखारविंद से प्रवाहित श्रीमद् भागवत कथा ने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति एवं जीवन-मूल्यों का संदेश प्रदान किया।
विधायक रोहित साहू का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत
श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में शामिल होने पहुंचे राजिम विधायक रोहित साहू का ग्राम कसेरु में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति द्वारा भव्य स्वागत किया गया। विधायक के आगमन पर ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे, आतिशबाजी एवं पारंपरिक राउत नाचा के साथ पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
बस स्टैंड से कथा स्थल तक उन्हें जुलूस के रूप में ले जाया गया, जहां ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर आत्मीय अभिनंदन किया।
धर्मसभा में शामिल होकर लिया संतों का आशीर्वाद
यज्ञ स्थल पहुंचकर विधायक रोहित साहू ने व्यासपीठ पर विराजमान पंडित लक्ष्मणेश्वर प्रसाद तिवारी से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा पारस ठाकुर, भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर साहू, सुरेंद्र सोनटेके, जनपद उपाध्यक्ष लेखराम साहू, मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, अमित बखरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
विधायक रोहित साहू का धर्मपरक एवं प्रेरक उद्बोधन
आशीर्वाद प्राप्त करने के पश्चात विधायक रोहित साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन अत्यंत पावन और ऐतिहासिक है। जिस दिन अयोध्या में भगवान श्रीराम की भव्य पुनः प्रतिष्ठा हुई, उसी शुभ अवसर पर श्रीमद् भागवत कथा का अमृत श्रवण करना हम सभी के लिए परम सौभाग्य है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सत्य, करुणा, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम के नाम-स्मरण मात्र से जीवन के भवसागर को पार किया जा सकता है। 500 वर्षों के संघर्ष के बाद प्रभु श्रीराम की पुनः प्रतिष्ठा होना पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मनुष्य के जीवन में नैतिकता, सदाचार एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार करती है तथा समाज को एकता के सूत्र में बांधती है।
धार्मिक विकास की घोषणा
इस पावन अवसर पर विधायक रोहित साहू ने ग्राम कसेरु स्थित शीतला मंदिर में 15 लाख रुपये की लागत से टीना शेड निर्माण की घोषणा करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति द्वारा विधायक रोहित साहू को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।