बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा…
कसडोल। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी/हिंदी माध्यम गुरु घासीदास विद्यालय कसडोल में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाट्य और देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सनम जांगड़े (प्रदेश अध्यक्ष, अनुसूचित जाति मोर्चा, भाजपा) द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत कसडोल के अध्यक्ष नागेश्वर साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. सुदीप मानिकपुरी तथा जिलाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा भाजपा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) के अध्यक्ष गणेश शंकर साहू ने की।
कार्यक्रम का सफल आयोजन प्राचार्य वी. आर. मंडलेश्वर के निर्देशन में हुआ। मंच संचालन विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता मुकेश दिवाकर एवं श्रीमती सविता नायक द्वारा किया गया। वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और अनुशासन ने सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बोर्ड टॉपर विद्यार्थियों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सनम जांगड़े ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए विद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि नागेश्वर साहू ने शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि अध्यक्षीय संबोधन में गणेश शंकर साहू ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
समापन अवसर पर प्राचार्य वी. आर. मंडलेश्वर ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है। कार्यक्रम में अनिल श्रीवास (मंडल महामंत्री), हरिकांत राजू साहू (तहसील अध्यक्ष, साहू संघ), अजय साहू (सभापति, न.पं. कसडोल), भानु साहू, श्रीमती भगवती साहू, श्रीमती मंजू बंजारे, नीरज साहू (पार्षदगण), के. आर. कैवर्त (पूर्व प्राचार्य), संतोष वर्मा (पूर्व प्राचार्य) सहित नगर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।