नवरात्रि और गर्मी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, वाटर प्लांट पर बड़ी कार्रवाई

TEKRAM KOSLE

March 20, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

नवरात्रि पर्व और बढ़ती गर्मी के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं नियंत्रक खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
अभिहित अधिकारी आर.आर. देवांगन के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी की टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर कार्रवाई की।
वाटर प्लांट में बड़ी गड़बड़ी, हजारों बोतल-पाउच जब्त
जांच के दौरान सीपत स्थित गंगोत्री मिनरल एंड वाटर प्लांट में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यहां पानी की बोतलों का विधिक नमूना लिया गया। साथ ही भ्रामक लेबलिंग (मिथ्याछाप) पाए जाने पर बड़ी मात्रा में पानी के उत्पाद जब्त किए गए, जिनमें—
1 लीटर की 210 पेटी (प्रत्येक में 12 बोतल)
250 एमएल की 3030 पानी बोतल
250 एमएल के 29,100 पानी पाउच शामिल हैं
इसके अलावा दो अन्य फर्मों को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। टीम ने सेवई, साबूदाना, अरहर दाल और चना दाल के नमूने भी जांच के लिए एकत्रित किए।
रतनपुर मां महामाया मंदिर में भी जांच
इसी क्रम में रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया गया। यहां श्रद्धालुओं को दिए जा रहे प्रसाद की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रसाद कक्ष की जांच की गई और खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण हेतु भेजे गए।
मंदिर के बाहर लगे ठेले और गुमटियों की भी जांच की गई। इस दौरान अखाद्य रंग से तैयार चाट को मौके पर ही नष्ट कराया गया और संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई।
अभियान रहेगा जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का मुख्य उद्देश्य आमजन को शुद्ध, सुरक्षित और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, खासकर त्योहारी सीजन और गर्मी के समय जब खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका बढ़ जाती है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment