बलौदाबाजार, 27 जनवरी 2026।
आमजन को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने एवं योग के लाभों से जोड़ने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा जिले के चयनित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह योग शिविर 27 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक आयोजित होंगे।
योग शिविरों का आयोजन विभिन्न शासकीय आयुर्वेद औषधालयों के माध्यम से संबंधित ग्रामों में किया जा रहा है। इसके अंतर्गत शासकीय आयुर्वेद औषधालय खम्हरिया द्वारा ग्राम चिचोली एवं गातापार, सिरियाडीह द्वारा ग्राम सेमरिया एवं अमलीडीह, डमरू द्वारा ग्राम खरचा एवं नयापारा, मोहरा द्वारा ग्राम बरडीह एवं हिरमी, दामाखेड़ा द्वारा ग्राम किरवई एवं धोबनी, रावन द्वारा ग्राम रवेली एवं झीपन, दतरेंगी द्वारा ग्राम सेमरिया एवं ओड़ान, देवसुन्द्रा द्वारा ग्राम खपरी एवं गाड़ाभाठा, कसडोल द्वारा ग्राम कोसमसरा एवं सेमरिया, रिकोकला द्वारा रिकोकला एवं रिकोखुर्द, परसाडीह द्वारा ग्राम कैथा एवं मड़कड़ी, टुण्डरा द्वारा ग्राम खपराडीह एवं नरधा, निपनिया द्वारा ग्राम सेम्हराडीह एवं निपनिया, तथा सलिहा द्वारा ग्राम प्रतापगढ़ एवं डीपाडीह में योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
आयुष विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन योग शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योगाभ्यास का लाभ उठाएं, जिससे शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ किया जा सके। योग शिविरों के माध्यम से नियमित योग अभ्यास, प्राणायाम एवं जीवनशैली सुधार से संबंधित जानकारी भी प्रदान की जाएगी।