ग्राफ्टेड बैगन की खेती से बदली किसान योगेश अग्रवाल की किस्मत, आय में हुआ उल्लेखनीय इज़ाफा

SARJU PRASAD SAHU

December 22, 2025

बलौदाबाज़ार-भाटापारा | 22 दिसंबर राज्य शासन की किसान-हितैषी योजनाएं अब ज़मीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। बलौदाबाज़ार-भाटापारा जिले के भाटापारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेमरिया (बी) के प्रगतिशील किसान योगेश अग्रवाल ने ग्राफ्टेड बैगन की खेती अपनाकर अपनी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि की है।

योगेश अग्रवाल पहले पारंपरिक तरीके से सब्जी की खेती किया करते थे, जिसमें लागत अधिक और मुनाफा सीमित रहता था। लेकिन उद्यानिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत ग्राफ्टेड बैगन एवं टमाटर प्रदर्शन योजना का लाभ मिलने के बाद उनकी खेती की दिशा ही बदल गई।

किसान योगेश अग्रवाल बताते हैं कि ग्राफ्टेड बैगन की खेती में रोगों का प्रकोप सामान्य बैगन की तुलना में काफी कम होता है। साथ ही इस तकनीक से तीनों मौसम में उत्पादन संभव है। कम पानी की आवश्यकता, मजदूरी लागत में कमी और पौधों की मजबूत संरचना के कारण उत्पादन में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इन सभी कारणों से उनकी कुल आय में निरंतर वृद्धि हो रही है।

उन्होंने बताया कि यह आधुनिक तकनीक किसानों के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी सिद्ध हो रही है और यदि सही मार्गदर्शन मिले तो अन्य किसान भी इसका लाभ उठा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि जिले में किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत ग्राफ्टेड बैगन एवं टमाटर प्रदर्शन योजना का संचालन किया जा रहा है। यह योजना जिले में पहली बार लागू की गई है।

योजना के अंतर्गत प्रति प्रदर्शन 30,000 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। जिले को कुल 188 प्रदर्शन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके विरुद्ध नियमानुसार 188 किसानों का चयन कर उन्हें इस योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

यह पहल न केवल किसानों की आय बढ़ा रही है, बल्कि जिले में आधुनिक और टिकाऊ खेती की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित हो रही है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment