परसदा (बलौदाबाजार), डिजिटल युग में नागरिकों को शासकीय योजनाओं का सुरक्षित लाभ दिलाने और साइबर अपराधों से बचाव के उद्देश्य से ग्राम पंचायत परसदा के पंचायत भवन में पीएम-किसान योजना से संबंधित डेटा एंट्री एवं ई-केवाईसी सत्र के साथ साइबर सुरक्षा एवं जन-जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में ग्राम पंचायत परसदा के सभी पीएम-किसान योजना के हितग्राहियों को योजना से जुड़े लाभों, ई-केवाईसी की अनिवार्यता तथा भारतीय जीवन बीमा से संबंधित उपलब्ध लाभों की जानकारी दी गई। इस दौरान हितग्राहियों की ई-केवाईसी एवं आवश्यक डेटा एंट्री की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई, जिससे पात्र किसानों को समय पर योजना का लाभ सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता को विशेष प्राथमिकता दी गई। ग्रामीणों को साइबर ठगी, फिशिंग फ्रॉड, मजबूत पासवर्ड का महत्व, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, एवं ऑनलाइन लेन-देन में सावधानियां जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही साइबर कानूनों की बुनियादी जानकारी भी दी गई, जिससे आमजन किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में सजग रह सकें।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत परसदा की सरपंच श्रीमती सत्यभावना यादव, उप-सरपंच श्री नरसिंह यादव, सीएससी वीएलई श्री लोकेश रजक, पंचगण, ग्राम प्रमुख एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
उल्लेखनीय है कि यह शिविर वीज़ा प्रोजेक्ट के अंतर्गत संचालित “साइबर सिक्योरिटी एंड सोशल अवेयरनेस” कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना, शासकीय योजनाओं का सुरक्षित एवं पारदर्शी लाभ सुनिश्चित करना तथा साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता पैदा करना रहा।
