संयुक्त शासकीय विद्यालय हड़हापारा में पार्षद भानु प्रताप साहू ने किया ध्वजारोहण

TEJASWI NATH SONI

January 27, 2026

कसडोल।

संयुक्त शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय हड़हापारा में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद भानु प्रताप साहू ने भारत माता एवं माँ सरस्वती के छायाचित्र पर वंदन कर विद्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण के पश्चात नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा वार्ड में प्रभातफेरी निकाली गई। इसके बाद विद्यालय लौटकर राष्ट्रगान एवं छत्तीसगढ़ राज्य गीत का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पार्षद भानु प्रताप साहू का विद्यालय की प्रधानपाठिका हेमिन श्रीवास सहित शिक्षकगण दाताराम साहू, संजय यादव, अशोक साहू, सुखराम पैकरा एवं अन्य के द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

विद्यालय के बच्चों द्वारा पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) कार्यक्रम का सुंदर प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। अपने संबोधन में पार्षद भानु प्रताप साहू ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ, जिसने देश को समानता, अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की दिशा दी। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और अमर जवानों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उन्हीं के बलिदान से आज हम गणतंत्र दिवस मना पा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में विष्णु देव साय की सरकार द्वारा शासकीय विद्यालयों के जीर्णोद्धार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप आज शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों का प्रदर्शन निजी विद्यालयों से बेहतर देखने को मिल रहा है।

पार्षद साहू ने विद्यालय स्टाफ की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को आगामी वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रमेश साहू, रामकुमार कैवर्त्य, राजू केवट, वरिष्ठ नागरिक संतराम निषाद सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment