महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, सांकरा में जोरदार प्रदर्शन

SARJU PRASAD SAHU

May 19, 2026

महासमुंद/सांकरा। पेट्रोल-डीजल, सराफा बाजार और रोजमर्रा की खाद्य सामग्रियों की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांकरा के नेतृत्व में सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मधुसूदन साहू के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान भी प्रमुख रूप से शामिल हुए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं खाद्य सामग्री और सराफा बाजार में लगातार बढ़ती कीमतों ने घर का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है तो दूसरी ओर महंगाई आसमान छू रही है। गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन संकट में है, लेकिन सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

इस दौरान उमाकांत प्रधान, लेकरु नन्द, सेतकुमार कानूनगो, प्रशांत पंडा, कृष, विनोद मेहेर, पुष्पराज नेताम, दूरपत ब्यास, चम्पत लाल चौहान, भूषण तांडी, राहुल जांगड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा साथी मौजूद रहे।

महंगाई के खिलाफ हुए इस आक्रामक प्रदर्शन से सांकरा क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ संदेश दिया कि जनता के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लगातार जारी रहेगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment