सक्ती। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो स्वयं आधी रात को धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण पर निकले। इस दौरान बरपालीकला के निकट कोरबा रोड पर अवैध धान परिवहन करते हुए 150 कट्टों से भरी एक माजदा वाहन को पकड़ा गया।
जांच में वाहन अवैध रूप से धान परिवहन करता पाया गया, जिसे तत्काल नगरदा थाना में सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय कोचियों, बिचौलियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में धान खरीदी कार्य पर 24 घंटे पैनी निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित विभिन्न नोडल अधिकारी दिन-रात फील्ड में निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध परिवहन या बिचौलियागिरी को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर श्री तोपनो के निर्देशन में जिले भर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई लगातार जारी है, ताकि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य समय पर और बिना किसी बाधा के मिल सके।