कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की

TEJASWI NATH SONI

March 8, 2026

पीएम आवास निर्माण, जल संरक्षण और ग्रामीण रोजगार पर दिया विशेष जोर

बलौदाबाजार, 8 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला पंचायत सभागार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन और अप्रारंभ आवासों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन आवासों की द्वितीय किश्त जारी हो चुकी है, उन्हें अप्रैल तक पूर्ण कराया जाए तथा हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने विकासखंड समन्वयक और तकनीकी सहायकों को नियमित फील्ड विजिट करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी कहा गया कि जिन हितग्राहियों के पलायन के कारण आवास निर्माण शुरू नहीं हो पाया है, उनसे संपर्क कर कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकानों को भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

मनरेगा के अंतर्गत कलेक्टर ने प्रत्येक पंचायत में कम से कम दो कार्य स्वीकृत कर जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। हैंडपंप और नल-जल योजनाओं के पास सोखता गड्ढा निर्माण तथा प्रधानमंत्री आवास और शासकीय भवनों में वर्षा जल संचयन संरचना बनाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही तालाब और डबरी निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल चयन कर कार्य जल्द प्रारंभ करने को कहा गया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्व सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऋण और आजीविका के साधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। मनरेगा कार्यों में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में महिला समूहों द्वारा कचरा संग्रहण कार्य को सक्रिय करने और यूजर चार्ज व्यवस्था को प्रभावी बनाने की बात कही गई। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित फील्ड विजिट और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा गिरौदपुरी धाम में मेला परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए स्थायी सीमेंट के कूड़ेदान बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या अग्रवाल, जनपद सीईओ, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment