
बलौदाबाजार। 6 जनवरी 2026 कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 के अंतर्गत जिला स्तरीय पुरस्कार हेतु चयनित 8 शालाओं के प्राचार्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान शालाओं द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया गया।
जिला स्तर पर चयनित शालाओं में विकासखण्ड बलौदाबाजार के बांगर पब्लिक स्कूल भरूवाडीह एवं जवाहर नवोदय विद्यालय लवन, विकासखण्ड भाटापारा के पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला सुरखी, विकासखण्ड कसडोल के डॉ. कन्हैयालाल शर्मा शासकीय प्राथमिक शाला कसडोल, विकासखण्ड पलारी के पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला छड़िया एवं शासकीय प्राथमिक शाला बिनौरी तथा विकासखण्ड सिमगा के आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल हिरमी शामिल हैं।
जिला मिशन समन्वयक नरेन्द्र वर्मा ने बताया कि राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सत्यापन समिति का गठन किया गया था। समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों की जांच, डीएलसी उन्मुखीकरण, निर्धारित समयरेखा के अनुसार भौतिक सत्यापन तथा स्कोर अपडेशन के आधार पर अंतिम मूल्यांकन किया गया। इसके उपरांत जिला स्तरीय समिति द्वारा 8 शालाओं का चयन जिला पुरस्कार हेतु करते हुए उन्हें राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है।
स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 के अंतर्गत जिले की शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं अशासकीय, आवासीय, नवोदय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, एकलव्य विद्यालय तथा सीबीएससी से संबद्ध कुल 1718 शालाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से 1576 शालाओं द्वारा 60 बिंदुओं पर आधारित सर्वेक्षण फार्म भरा गया। इसी के आधार पर रेटिंग प्रदान की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य शालाओं को पानी, शौचालय, साबुन से हाथ धोना, संचालन एवं रखरखाव, व्यवहार परिवर्तन व क्षमता निर्माण तथा मिशन लाइफ गतिविधियों जैसे छह प्रमुख विषयों पर स्व-मूल्यांकन एवं सतत सुधार के लिए सशक्त बनाना है।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 का शुभारंभ 29 जुलाई 2025 को केंद्रीय शिक्षा मंत्री द्वारा किया गया था, जिसमें हरित घटक पर विशेष बल देते हुए मिशन लाइफ गतिविधियों को प्रभावी रूप से सम्मिलित किया गया है।