बलौदाबाजार | 16 जनवरी 2026
थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गितकेरा में जमीन विवाद को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। लोहे के धारदार फरसा से गला, सिर और चेहरे पर किए गए प्राणघातक वार से युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पलारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना के मात्र तीन घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी की पहचान ग्राम गितकेरा निवासी यशवंत यादव (38 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि मृतक पक्ष के परिवार से उसका पुराना जमीन विवाद चला आ रहा था और इसी रंजिश के चलते उसने आवेश में आकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना दिनांक 14 जनवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है, जब मृतक नारायण यादव गौठान चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी यशवंत यादव मौके पर पहुंचा और लोहे के धारदार फरसा से नारायण यादव के गले, सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल नारायण यादव को परिजन जिला अस्पताल बलौदाबाजार लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पलारी में अपराध क्रमांक 24/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी यशवंत यादव को दिनांक 15 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।