बिलासपुर: रहंगी में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियां तेज, कलेक्टर–एसएसपी ने किया स्थल निरीक्षण

MOTI LAL

February 26, 2026

बिलासपुर से महेश सोनी की रिपोर्ट

बिलासपुर, 26 फरवरी 2026। बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में 28 फरवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल का कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहंगी के खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को धान खरीदी के अंतर की प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के करोड़ों रुपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मुख्य सभामंच, सांस्कृतिक मंच, विभागीय स्टॉल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, हेलीपैड एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थल चिन्हांकन किया तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। खेल मैदान के समीप हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों ने प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का अवलोकन कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की रूपरेखा भी तैयार की।

एसएसपी रजनेश सिंह ने संभावित बड़ी संख्या में आने वाले जनसमूह को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण एवं प्रवेश-निकास व्यवस्था की विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

प्रधान संपादक

Share this content:

Leave a Comment