महासमुंद पुलिस को बड़ी कामयाबी: 1700 किमी दूर तमिलनाडु से ओडिशा के गांजा तस्कर को गिरफ्तार, 12.60 लाख की संपत्ति जब्त

SARJU SAHU

July 9, 2026

महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने NDPS एक्ट के एक मामले में एंड टू एंड जांच करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा का रहने वाला मुख्य गांजा सप्लायर बसंता सुना को 1700 किलोमीटर दूर तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। इससे पहले फरवरी 2026 में पुलिस ने 23.790 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को पकड़ा था।

ओडिशा में दबिश, आरोपी तमिलनाडु भागा

चार महीने पहले पुलिस ने ओडिशा के बलांगीर जिले के भरूवामुंडा स्थित आरोपी बसंता सुना के घर दबिश दी थी, लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था। आरोपी घटना के बाद से ओडिशा छोड़कर तमिलनाडु और अन्य राज्यों में बदल-बदल कर छिप रहा था।

तकनीकी विश्लेषण से मिला पता

थाना खल्लारी और सायबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद महासमुंद से पुलिस टीम रवाना हुई और 1700 किलोमीटर दूर तमिलनाडु के तिरुपुर सिटी स्थित कली कुमार शामी कोविल ट्रस्ट, ग्राम वीरापंडी में दबिश देकर बसंता सुना को दबोच लिया।

क्या है पूरा मामला

17 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक लाल रंग की हीरो एच.एफ. डीलक्स मोटरसाइकिल (OD 03 AB 3511) में दो व्यक्ति ओडिशा के खरियार रोड से खल्लारी की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने NH 353 रोड जोरातराई मोड़ पर नाकाबंदी की और आरोपी अभिषेक यादव (22) व दीपक चंदन (22) को पकड़ा। दोनों छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रहने वाले हैं।

इतना सामान हुआ जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 पैकेट में कुल 23 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल (करीब 50 हजार) और दो मोबाइल (करीब 10 हजार) भी जब्त किए गए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 12 लाख 60 हजार रुपये है।

मामले में अब तक तीन गिरफ्तार

मामले का अपराध क्रमांक 19/26 है और यह NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने 17 फरवरी 2026 को दोनों परिवहनकर्ताओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया था। अब मुख्य सप्लायर बसंता सुना को 7 जुलाई 2026 को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया और 9 जुलाई 2026 को महासमुंद की विशेष अदालत में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

मुख्य सप्लायर:· बसंता सुना (30), पिता लछी सुना, ग्राम भरूवामुंडा, थाना बेलपड़ा, जिला बलांगीर (ओडिशा) — हाल पता: कली कुमार शामी कोविल ट्रस्ट, वीरापंडी, तिरुपुर सिटी (तमिलनाडु)

पूर्व में गिरफ्तार (परिवहनकर्ता):· अभिषेक यादव (22), पिता दिलीप यादव, डेली फार्म अंजोरा, थाना अंजोरा, जिला दुर्ग (छ.ग.)

दीपक चंदन (22), पिता राजकुमार चंदन, ग्राम कोहका, थाना सुपेला, जिला दुर्ग (छ.ग.)

महासमुंद पुलिस की इस सफल कार्रवाई ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह एंड टू एंड जांच पूरी की गई, जिसमें सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक हर पहलू को खंगाला गया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment