बलौदाबाजार, 13 दिसंबर 2025/ प्रदेश सरकार ने किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए धान विक्रय प्रक्रिया को और अधिक सरल बना दिया है। अब धान बेचने के लिए जरूरी तूहर टोकन ऐप को 24 घंटे, सातों दिन (24×7) खोल दिया गया है। इसके साथ ही टोकन काटने की समय-सीमा समाप्त कर दी गई है, जिससे किसान दिन या रात, किसी भी समय अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे।
राज्य सरकार के इस निर्णय से किसानों को धान विक्रय की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। अब किसान 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों के लिए अग्रिम टोकन प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उपार्जन केंद्रों में भीड़ और तकनीकी दबाव की समस्या में काफी कमी आएगी।
इसके अलावा 2 एकड़ और 2 एकड़ से कम रकबा वाले लघु किसानों को विशेष राहत देते हुए उन्हें 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप से टोकन लेने की सुविधा दी गई है। यह निर्णय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लिया गया है, ताकि छोटे और सीमांत किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय पर कहा—
> “किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। इससे किसान बिना किसी दबाव के अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। लघु किसानों के लिए समय-सीमा का विस्तार उन्हें वास्तविक राहत प्रदान करेगा। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।”