छुरा/ गरियाबंद :- थाना छुरा पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी द्वारा कैमरा व अन्य महंगे उपकरण लेकर उन्हें बेच देने का मामला सामने आया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 19 मार्च 2026 को थाना छुरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नगर में फोटो स्टूडियो की दुकान है। 14 मार्च को सुबह करीब 11 बजे सतीश कुमार बंजारे नामक व्यक्ति ने उससे कैमरा मॉडल D-7500 और D-7000 सहित अन्य उपकरण यह कहकर लिए थे कि वह 17 मार्च तक वापस कर देगा।
लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी आरोपी ने सामान वापस नहीं किया और धोखाधड़ी कर उसे बेच दिया। शिकायत पर थाना छुरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) और 316(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में छुरा पुलिस ने तकनीकी सहायता से आरोपी का पता लगाया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सामान को बेचने के लिए OLX पर अपलोड किया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी सामान को बरामद कर जप्त कर लिया। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 1,62,000 रुपये बताई गई है।
जप्त सामग्री में शामिल:-
कैमरा D7500 – 80,000 रुपये,
कैमरा D7000 – 50,000 रुपये,
फ्लैश लाइट (2 नग) – 4,000 रुपये,
सेल चार्जर (2 नग) – 1,000 रुपये,
सेल (16 नग) – 1,600 रुपये
बैटरी (4 नग) – 13,000 रुपये
कैमरा चार्जर (2 नग) – 3,000 रुपये
कैमरा बैग (2 नग) – 7,000 रुपये
मेमोरी चिप (2 नग) – 2,400 रुपये
पुलिस ने आरोपी सतीश कुमार बंजारे (उम्र 24 वर्ष), निवासी ग्राम नगरदा, थाना बिलाईगढ़, जिला सारागढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना छुरा पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।