अमेरा बस स्टैंड पर चल रहा था सट्टे का खेल, खाईवाल समेत दो सटोरिए पुलिस के हत्थे चढ़े

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 15, 2026

पलारी। अमेरा बस स्टैंड के पास काफी समय से दबे-छुपे नहीं बल्कि लगभग खुलेआम चल रहे सट्टे के खेल पर आखिरकार पुलिस ने तगड़ा वार किया है। समाधान सेल में मिली सूचना के बाद थाना पलारी की टीम ने घेराबंदी कर दो सटोरियों को सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि इलाके में लंबे समय से सट्टे का यह खेल चल रहा था और लोग चुपचाप पर्चियां कटवा रहे थे। जैसे ही पुलिस को पुख्ता सूचना मिली, टीम सीधे मौके पर पहुंची और बस स्टैंड के पास ही चल रही सट्टेबाजी पर छापा मार दिया। पुलिस को देखते ही सटोरियों के होश उड़ गए, लेकिन घेराबंदी इतनी सटीक थी कि दोनों भागने का मौका भी नहीं मिला।

पुलिस ने मौके से ₹8390 नगद, सट्टा-पट्टी और पेन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बलदेव ध्रुव (60 वर्ष) और लेखराम साहू (50 वर्ष) निवासी ग्राम अमेरा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक लेखराम साहू इस पूरे खेल का खाईवाल था, जो सट्टे का पैसा और पर्चियां संभाल रहा था।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पलारी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06(क) के तहत अपराध क्रमांक 125/2026 दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि समाधान सेल हेल्पलाइन अब अपराधियों के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। आम लोगों से मिल रही सूचनाओं के दम पर पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कस रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, सट्टा या जुए की जानकारी मिलने पर तुरंत समाधान हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप कर सूचना दें।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment