बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का सघन नाकाबंदी अभियान 17 स्थानों पर चेकिंग, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 26 चालक पकड़े गए, 239 पर कार्रवाई

TEKRAM KOSLE

December 15, 2025

रिपोर्टर टेकराम कोसले

Masb news

बलौदाबाजार-भाटापारा | 15 दिसंबर 2025
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलेभर में सघन नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में 14 दिसंबर 2025 को सायं 05:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक संचालित किया गया।

17 महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए गए नाकाबंदी चेकिंग पॉइंट

पुलिस द्वारा जिले के कुल 17 प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी कर आने-जाने वाले सभी वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध वस्तुओं के परिवहन तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया गया।

इन क्षेत्रों में हुई सघन चेकिंग

नाकाबंदी अभियान के तहत जिले के बलौदाबाजार शहर, पलारी, लवन, भाटापारा शहर, पटपर भाटापारा, तिल्दा अंडरब्रिज चौक सिमगा, ग्राम सुहेला, हथबंद तिगड्डा, कसडोल, बस स्टैंड गिधौरी, ग्राम सोनाखान, गिधपुरी, करहीबाजार एवं ग्राम बया सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 26 चालक पकड़े गए

चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते हुए 26 वाहन चालकों को मौके पर पकड़ा गया। पुलिस ने सभी के वाहन विधिवत जप्त कर लिए हैं, जिन्हें नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही पकड़े गए सभी चालकों के विरुद्ध ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 239 लोगों पर कार्रवाई

नाकाबंदी के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले कुल 239 व्यक्तियों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध दस्तावेज, ओवरस्पीडिंग एवं अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाई।

पुलिस का स्पष्ट संदेश

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें। भविष्य में भी ऐसे सघन नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment