बलौदाबाजार, 29 दिसम्बर 2025/
राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवम्बर से सुचारु रूप से जारी है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, वास्तविक किसानों को लाभ दिलाने तथा कोचियों व बिचौलियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन निगरानी की जा रही है।
इसी कड़ी में सोमवार को मंडी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अन्य किसान के खाते में अवैध रूप से धान बिक्री के प्रयास को समय रहते विफल कर दिया। कार्रवाई के दौरान 22 कट्टा धान जब्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धान उपार्जन केंद्र करमदा में कृषक तुलेश्वर प्रसाद वर्मा द्वारा किसी अन्य कृषक के खाते में 22 कट्टा धान बेचने का प्रयास किया जा रहा था। अधिकारियों द्वारा संदेह के आधार पर पूछताछ एवं जांच की गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि बिक्री के लिए लाया गया धान किसी अन्य किसान का है। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए संबंधित धान को तत्काल जब्त कर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर दीपक सोनी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध धान परिवहन, भंडारण अथवा उपार्जन केंद्रों में खपाने के किसी भी प्रयास पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही निगरानी के कारण इस प्रकार के अवैध प्रयासों पर प्रभावी रोक लग रही है, जिससे वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ सुनिश्चित हो रहा है।