देवभोग/गरियाबंद :- देवभोग नगर क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर सड़क पर बड़ी संख्या में गोवंश के बैठे रहने और विचरण करने से सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड देवभोग के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय अधिकारी (रा.) देवभोग को आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि देवभोग नगर के अंदर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी संख्या में गोवंश सड़क पर बैठे एवं विचरण करते रहते हैं। विशेषकर रात के समय सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को अचानक दिखाई देने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। आवेदनकर्ताओं के अनुसार, इसके चलते पूर्व में भी दुर्घटनाएं घटित हुई हैं, जिससे गोवंश के साथ-साथ वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को गंभीर नुकसान का खतरा बना हुआ है।
विहिप और बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं और राष्ट्रीय राजमार्ग से गोवंश को सुरक्षित तरीके से हटाने की व्यवस्था की जाए।
साथ ही नगर क्षेत्र में मुनादी करवाकर पशुपालकों को अपने गोवंश एवं मवेशियों को खुले में सड़क पर नहीं छोड़ने के लिए जागरूक करने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि सड़क पर खुले में मवेशियों के विचरण पर रोक लगाने से गोवंश की सुरक्षा के साथ ही वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा एक व्यापक सड़क-सुरक्षा मुद्दा है। केंद्र सरकार की ओर से भी राष्ट्रीय राजमार्गों पर मवेशियों के अनियंत्रित प्रवेश को रोकने के लिए फेंसिंग और अन्य सुरक्षा उपायों पर जोर दिया गया है।