महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 18 किलो गांजा के साथ बिहार के दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 11.15 लाख की संपत्ति जब्त

SARJU SAHU

September 1, 2026

महासमुंद/सिंघोड़ा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा, दो स्कूटी और दो मोबाइल फोन सहित कुल 11 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजा ओडिशा से खरीदकर पंजाब ले जाकर खपाने की योजना थी।

ओडिशा बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान मिली सफलता

एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सोर्स प्वाइंट से डेस्टिनेशन प्वाइंट तक प्रभावी कार्रवाई और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में महासमुंद पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अलग-अलग टीवीएस जुपीटर स्कूटी में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस ने अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट एनएच-53, रेहटीखोल में विशेष निगरानी और जांच शुरू की।

पहले आरोपी ने बताई दूसरे तस्कर की जानकारी

चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कूटी क्रमांक OD 15 AG 0972 को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम दीपक कुमार साहनी (31) निवासी नया टोला भांडवा, थाना जादूपुर, जिला गोपालगंज, बिहार बताया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पीछे एक अन्य स्कूटी CG 04 RB 3286 आ रही है, जिसमें गांजा रखा हुआ है। उसने यह भी बताया कि वह ओडिशा से छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक दूसरी स्कूटी की पायलटिंग करते हुए आया था।

कुछ समय बाद पुलिस ने बताए गए हुलिए और वाहन के आधार पर दूसरी स्कूटी को भी रोक लिया। उसके चालक ने अपना नाम विशाल शाह (23) निवासी चुरामणपट्टी नया टोला, थाना नौतन, जिला पश्चिम चंपारण बेतिया, बिहार बताया।

स्कूटी से 18 किलो गांजा बरामद

पुलिस ने विशाल शाह की स्कूटी क्रमांक CG 04 RB 3286 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सफेद प्लास्टिक थैले में दो पैकेट तथा स्कूटी की डिक्की में एक टेपिंग किया हुआ पैकेट बरामद हुआ। इन पैकेटों में कुल 18 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में विशाल शाह ने गांजा ओडिशा से खरीदकर पंजाब ले जाकर बिक्री करने की योजना की जानकारी दी।

11.15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, कीमत 15 हजार रुपये, तथा दो टीवीएस जुपीटर स्कूटी, कीमत करीब 2 लाख रुपये जब्त की हैं। इस तरह पुलिस द्वारा जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत 11 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)ii(B) एवं 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 102/26 दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

विशाल शाह, पिता इन्द्रजीत शाह, उम्र 23 वर्ष, निवासी चुरामणपट्टी नया टोला, थाना नौतन, जिला पश्चिम चंपारण बेतिया, बिहार।

दीपक कुमार साहनी, पिता जंगली साहनी, उम्र 31 वर्ष, निवासी नया टोला भांडवा, थाना जादूपुर, जिला गोपालगंज, बिहार।

जब्त सामग्री

▪️18 किलो गांजा — कीमत करीब 9 लाख रूपये

▪️2 मोबाइल फोन — कीमत 15 हजार रुपये

▪️2 टीवीएस जुपीटर स्कूटी — कीमत करीब 2               लाख रुपये

▪️कुल जब्ती — 11 लाख 15 हजार रुपये

महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई से ओडिशा से छत्तीसगढ़ होकर दूसरे राज्यों तक गांजा पहुंचाने वाले नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है। पुलिस द्वारा बॉर्डर क्षेत्रों में लगातार की जा रही सघन जांच और निगरानी से अंतर्राज्यीय नशा तस्करी पर शिकंजा कसने की कार्रवाई जारी है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment