मुक्तिधाम के कमरे का ताला तोड़कर 500 फीट केबल वायर चोरी, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार,

BHUPENDRA SINHA

August 29, 2026

छुरा/  गरियाबंद:-  नगर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित मुक्तिधाम के कमरे का ताला तोड़कर करीब 500 फीट केबल वायर चोरी करने के मामले में छुरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का केबल वायर तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की वस्तु बरामद की है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 की रात करीब 12 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा मुक्तिधाम के अंदर स्थित कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे 05 नग बोर लाइन केबल वायर, लगभग 500 फीट चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में छुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मान्टू ध्रुव ने अपने साथी के साथ मिलकर मुक्तिधाम के कमरे से केबल वायर चोरी की है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मान्टू ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कुछ केबल वायर को आग में जलाकर नष्ट कर दिया गया, जबकि कुछ वायर को उसने अपने घर में सीढ़ी के नीचे छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए केबल वायर सहित घटना में प्रयुक्त लोहे की वस्तु को गवाहों के समक्ष जब्त किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर बीएनएस की धारा 303(1), 331(4) एवं 112(1) के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

मान्टू ध्रुव पिता गब्बर ध्रुव, उम्र 30 वर्ष, निवासी पलौद, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर, स्थायी पता गादीकोट, छुरा, थाना छुरा, जिला गरियाबंद।
जप्त सामग्री: चोरी का केबल वायर एवं घटना में प्रयुक्त लोहे की वस्तु।

मामले में फरार दूसरे आरोपी की पतासाजी जारी है। पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment