बलौदाबाजार। 10 जनवरी 2026 कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा सघन निगरानी और लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को जब्त किया है, जिसमें 75 बोरी धान लदा हुआ पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीलदार सोनाखान लव कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम द्वारा पिथौरा से बया मार्ग पर कुरकुटट्टी क्षेत्र में जांच के दौरान एक पिकअप वाहन को रोककर धान परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की मांग की गई। जांच के दौरान वाहन चालक द्वारा न तो संतोषजनक जवाब दिया गया और न ही वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सके। चालक के कथन के अनुसार वाहन में कुल 75 बोरी धान लदा हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पिकअप वाहन सहित अवैध धान को जब्त कर संबंधित पुलिस चौकी के सुपुर्द किया गया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में धान खरीदी के दौरान अवैध धान खपाने के प्रयासों को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा थोक विक्रेताओं, चेक पोस्टों तथा परिवहन मार्गों पर निरंतर जांच की जा रही है। इसके साथ ही उपार्जन केंद्रों का भी भौतिक सत्यापन कर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।