
छुरा /गरियाबंद :- विकासखंड अंतर्गत ग्राम अकलवारा में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए आज बुलडोजर चलाकर कब्जा हटाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और प्रशासन के स्पष्ट संदेश के बाद अवैध कब्जाधारियों में चिंता देखी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अकलवारा में देवनारायण साहू द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान का निर्माण कर लिया गया था। मामले की शिकायत स्थानीय स्तर पर सामने आने के बाद ग्राम पंचायत अकलवारा ने बैठक कर अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव पारित किया। पंचायत द्वारा किए गए प्रस्ताव और अनुशंसा के आधार पर राजस्व विभाग ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
आज नायब तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व अमले की टीम पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंची। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने से बचें और किसी भी निर्माण से पहले वैधानिक अनुमति अवश्य लें।
इस कार्रवाई के बाद ग्राम अकलवारा सहित आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन की इस पहल की चर्चा बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध अतिक्रमण पर रोक लगेगी और शासकीय भूमि का सही उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।