इंस्टाग्राम पर लड़की बन युवकों को प्रेमजाल में फंसाने वाला शातिर साइबर ठग गिरफ्तार, आवाज बदलकर करता था ब्लैकमेल

BIRENDRA KUMAR SEN

June 16, 2026

इंस्टाग्राम पर लड़की बन युवकों को प्रेमजाल में फंसाने वाला शातिर साइबर ठग गिरफ्तार, आवाज बदलकर करता था ब्लैकमेल

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव पुलिस ने सोशल मीडिया पर सक्रिय एक बेहद शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी इंस्टाग्राम पर लड़कियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को अपने जाल में फंसाता था। हद तो तब हो गई जब वह लड़की की आवाज में बात कर लोगों का भरोसा जीतता था और बाद में मोटी रकम की मांग कर ब्लैकमेलिंग पर उतर आता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से तकनीकी साक्ष्य जुटाकर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।

इस पूरे फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ तब हुआ जब थाना लालबाग क्षेत्र की एक युवती के पास एक अज्ञात कॉल आया। कॉलर ने युवती को डराने के लिए उसके पिता के सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की झूठी सूचना दी। जब युवती ने इस बात को गलत बताया, तो आरोपी अपनी औकात पर आ गया और उसने युवती के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया।

बात यहीं नहीं रुकी, जब पीड़िता के पिता ने उस नंबर पर दोबारा संपर्क किया, तो आरोपी ने उन्हें भी भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दे डाली। परेशान होकर पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही लालबाग पुलिस और साइबर थाने की संयुक्त टीम हरकत में आई। पुलिस ने डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल की मदद) के जरिए आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया। आरोपी की लोकेशन पड़ोसी जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम विष्णुपुर में मिली। पुलिस की टीम ने तत्काल जाल बिछाकर घेराबंदी की और आरोपी दीपक कुमार बघेल (उम्र 22 वर्ष) को धर दबोचा।

पुलिस की कड़ी पूछताछ और तकनीकी जांच में आरोपी के कई काले कारनामे उजागर हुए हैं। आरोपी दीपक कुमार लंबे समय से सोशल मीडिया पर सक्रिय था। वह लड़कियों के नाम पर फेक आईडी बनाता था और युवकों से दोस्ती कर उन्हें प्रेमजाल में फंसाता था।

संदेह न हो, इसलिए वह लड़की की आवाज निकालकर बात करता था। इसके बाद वह अलग-अलग बहानों से पैसों की डिमांड करता था। जो युवक उसकी बात नहीं मानते थे या विरोध करते थे, उन्हें वह अश्लील मैसेज भेजकर, धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर देता था।

लालबाग पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार बघेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment