छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव : जनभागीदारी पर जोर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने की तैयारियों की समीक्षा

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

August 19, 2025

जिला ब्यूरो चीफ/तोषन प्रसाद चौबे

बलौदाबाजार, 19 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टरों की बैठक लेकर छत्तीसगढ़ रजत उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव पूरे जनमानस का उत्सव है और इसमें सभी की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रजत उत्सव से जुड़े सभी कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष का युवा छत्तीसगढ़ अब देश में अपनी अलग पहचान बना रहा है और यह उत्सव राज्य की उपलब्धियों का प्रतीक है।

बैठक में ई-कोर्ट, एग्री-स्टेक में किसान पंजीयन और फसल सर्वे की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। उन्होंने राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे और किसान पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर बताया गया कि छत्तीसगढ़ रजत उत्सव की थीम GYAN (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) पर आधारित होगी। मुख्यमंत्री ने 15 अगस्त को इसका शुभारंभ किया है और फरवरी 2026 तक प्रदेशभर में विविध आयोजन किए जाएंगे।

बैठक में कलेक्टर दीपक सोनी, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अवध राम टंडन सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

.

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment