महासमुंद पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर बाइक चोर; चोरी की 8 मोटरसाइकिल और 14 मोबाइल बरामद
महासमुंद। थाना महासमुंद पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल 8 मोटरसाइकिलें तथा 14 नग मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए बाइक चोरी कर उन्हें गिरवी रख देता था।
मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड से पकड़ाया आरोपी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 को ग्राम धनसुली निवासी बसंत कुमार साहू (45) ने अपनी बाइक (CG 04 MY 1036) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच कर रही थी। इसी बीच 27 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि महासमुंद बस स्टैंड के पास एक युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम घनश्याम ध्रुव (31), निवासी टिकरापारा झलप (थाना पटेवा) बताया।
3 बाइक घर में छिपाईं, 5 को रखा था गिरवी सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अलग-अलग जगहों से 8 मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि पैसों की तंगी के चलते उसने 3 बाइक अपने पास रखी थीं, जबकि 5 मोटरसाइकिलों को मोईन रजा, रोशन सिंह, राजकुमार ध्रुव, नारायण सिंह उर्फ गुड्डू और सुभाष सिंह के पास गिरवी रख दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से 3 बाइक और गिरवी रखने वाले व्यक्तियों द्वारा थाने में पेश की गई 5 बाइक (कुल 8 मोटरसाइकिल – हीरो स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डीलक्स) के साथ 14 मोबाइल जब्त किए हैं।
गिरवी रखने वालों को राहत, मुख्य आरोपी गया जेल प्रकरण में बाइक गिरवी रखने वाले पांचों व्यक्तियों द्वारा जांच में सहयोग करने और शपथ पत्र देने पर सुप्रीम कोर्ट (अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य) के दिशा-निर्देशों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं, मुख्य आरोपी घनश्याम ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बरामद वाहनों का विवरण:
- हीरो स्प्लेंडर प्लस: CG 04 RV 8963, CG 04 MT 0648, CG 04 MU 4374
- हीरो एचएफ डीलक्स: CG 06 GD 8748, CG 06 GK 0473, CG 06 GL 4309, CG 06 GH 6899, CG 04 MY 1036


